मोहला-मानपुर। राजनांदगांव-मानपुर स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण के दौरान पुरानी सड़क को उखाड़ने और जगह-जगह खुदाई किए जाने से मार्ग कई स्थानों पर बेहद संकरा हो गया है। बारिश के कारण सड़क के किनारे दलदल और कीचड़ की स्थिति बन गई है। ऐसे में वाहन चालकों, खासकर दोपहिया सवारों को जोखिम के बीच सफर करना पड़ रहा है।

स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण का काम लोक निर्माण विभाग (PWD) की देखरेख में ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर खुदाई के बाद कई स्थानों पर आवागमन के लिए केवल संकरी सिंगल लेन बची है। एक ओर गहरे गड्ढे हैं तो दूसरी ओर बारिश से कीचड़ और दलदल बन गया है। इससे वाहन चालकों के सामने हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

भारी वाहन सामने आते ही बढ़ जाती है मुश्किल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, संकरी सड़क पर सामने से भारी वाहन आने पर दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए निकलने की जगह बेहद कम रह जाती है। ऐसी स्थिति में उन्हें सड़क किनारे कीचड़ या खुदाई वाले हिस्से की ओर उतरना पड़ता है। बारिश के दौरान यहां वाहन फंसने और फिसलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर कई संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और संकेतक नहीं लगाए गए हैं। रात के समय ऐसी स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है। राहगीरों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए।

विद्यार्थियों से लेकर सरकारी कर्मचारियों तक का प्रमुख मार्ग

राजनांदगांव-मानपुर स्टेट हाईवे क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है, जो आगे महाराष्ट्र और बस्तर की ओर संपर्क में अहम भूमिका निभाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण, स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थी इस मार्ग से आवाजाही करते हैं।

जिला प्रशासन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी इस मार्ग से आना-जाना होता है। इसके बावजूद लंबे समय से बनी अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ सड़क पर सुरक्षित आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।

जल्द काम पूरा करने के दिए जाएंगे निर्देश

लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता रितू खरे ने कहा कि मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से सामने आई है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य को यथासंभव जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही निर्माण स्थल पर आवश्यक सूचना और चेतावनी सूचक बोर्ड लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल राहगीरों की सुरक्षा का है। बारिश के बीच गड्ढे, कीचड़ और संकरी सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहे हैं। क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि विभाग जल्द जरूरी सुरक्षा इंतजाम करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाएगा।