रायपुर, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 33 किलो 500 ग्राम गांजा, तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक सुकमा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश की ओर रवाना हुए हैं। इसके बाद मंदिर हसौद पुलिस ने नया रायपुर के सेक्टर-18 स्थित एमजीएम स्कूल के पीछे निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो बैग से गांजे के छह पैकेट मिले।
अलग-अलग मोटरसाइकिलों से ले जा रहे थे गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी सुकमा जिले के चिकिरपाल इलाके से गांजा लेकर निकले थे। उनकी योजना इसे मध्यप्रदेश पहुंचाकर बेचने की थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहे थे।
18 लाख से अधिक का सामान जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार साहू, परमेश्वर कुमार मरकाम, अजय मंडावी और महेश कुमार ध्रुव के रूप में की है। कार्रवाई के दौरान करीब 16.75 लाख रुपये का गांजा, 1.40 लाख रुपये की मोटरसाइकिलें और 40 हजार रुपये के मोबाइल फोन जब्त किए गए।
तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और मध्यप्रदेश में इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी।





