रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लाखेनगर चौक में मामूली कहासुनी के बाद हुए जानलेवा हमले में एक युवक की मौत हो गई। विवाद के दौरान आरोपी ने युवक के सीने पर लोहे की वस्तु से जोरदार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कहासुनी के बाद हुआ जानलेवा हमला

जानकारी के मुताबिक, घटना 11 नवंबर को आजाद चौक थाना क्षेत्र के लाखेनगर चौक की है। यहां ईदगाह भाठा निवासी मोहम्मद यूनुस (25) और शेख नाजिर (41) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि शेख नाजिर ने कथित तौर पर मोहम्मद यूनुस के सीने पर लोहे की वस्तु से हमला कर दिया।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

हत्या की जानकारी मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शेख नाजिर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक दोनों ईदगाह भाठा इलाके के रहने वाले थे।

विवाद की असली वजह जानने में जुटी पुलिस

युवक की हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।