रायपुर। राजधानी रायपुर में दस साल पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। तेलीबांधा इलाके से लापता निरंजन पाल की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक को सुनसान जगह पर ले जाकर गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इसके बाद शव को गटर में छिपाकर उसकी एक्टिवा नदी के पास ठिकाने लगा दी गई।
घर से निकला था युवक, फिर नहीं लौटा वापस
जानकारी के मुताबिक, निरंजन पाल 10 नवंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी मां ने तेलीबांधा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
दस साल पुराने शक ने लिया खूनी रूप
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद दांडेकर के बेटे की करीब दस साल पहले हत्या हुई थी। विनोद को इस वारदात में निरंजन पाल के शामिल होने का संदेह था। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से उससे दुश्मनी रखता था।
आरोप है कि विनोद ने अपने साथी राजा नायडू के साथ मिलकर निरंजन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दोनों उसे कमल विहार सेक्टर-13 के सुनसान इलाके में ले गए, जहां शराब पिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए जलाए कपड़े
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गटर में डालकर मेनहोल का ढक्कन बंद कर दिया। पहचान और सबूत छिपाने के इरादे से मृतक के कपड़े जला दिए गए। उसकी एक्टिवा भी मुजगहन इलाके में बाकल नदी के पास छिपा दी गई।
पुलिस की जांच में खुला पूरा राज
पुलिस ने संदेह के आधार पर राजा नायडू और विनोद दांडेकर से पूछताछ की। जांच में मिले सुराग और आरोपियों की निशानदेही पर शव तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, राजा नायडू तेलीबांधा थाने का सूचीबद्ध बदमाश है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





