रायपुर। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम लगातार निगरानी कर रहा है। इसी दौरान सड़क किनारे ट्रैक्टर से कचरा फेंकने का मामला सामने आने पर निगम की टीम ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। मौके पर पकड़े जाने के बाद ठेकेदार पर 2,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया।
कैनाल लिंकिंग रोड के पास डाला जा रहा था कचरा
मामला महर्षि वाल्मीकि वार्ड क्रमांक-32 के अवंति विहार क्षेत्र का है। यहां कैनाल लिंकिंग रोड के किनारे ट्रैक्टर के जरिए कचरा डाला जा रहा था। नगर निगम जोन क्रमांक-9 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान इस गतिविधि को पकड़ लिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के निर्देश पर संबंधित ठेकेदार सोनू साहू के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की गई।
निगम ने दी दोबारा गलती नहीं करने की हिदायत
नगर निगम की टीम ने ठेकेदार पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए भविष्य में इस तरह सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने की चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान जोन के स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी भी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माने सहित अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





