खैरागढ़। करोड़ों रुपये के बकाया बिजली बिल को लेकर बिजली कंपनी ने खैरागढ़ नगर पालिका के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को बकाया भुगतान नहीं होने पर नगर पालिका कार्यालय का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। बिजली आपूर्ति बंद होते ही कार्यालय का कामकाज प्रभावित हो गया। कर्मचारियों को जरूरी काम मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा, वहीं विभिन्न कार्यों से कार्यालय पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।


कार्यालय पर ही करीब 8.25 लाख रुपये का बिल बकाया

जानकारी के मुताबिक, खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय के बिजली कनेक्शन पर करीब 8 लाख 25 हजार रुपये का बिल बकाया है। हालांकि, नगर पालिका से जुड़े सभी विद्युत कनेक्शनों की बकाया राशि इससे कहीं अधिक बताई जा रही है।

स्ट्रीट लाइट, नगर पालिका भवन और अन्य कनेक्शनों का बकाया जोड़ने पर यह राशि 3 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच रही है। ऐसे में कार्यालय का कनेक्शन काटने की कार्रवाई नगर पालिका पर बकाया कुल राशि के एक हिस्से को लेकर की गई है।


बिजली गुल होते ही कामकाज प्रभावित

कनेक्शन कटने के बाद नगर पालिका कार्यालय में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे कम्प्यूटर समेत बिजली से संचालित अन्य उपकरण बंद हो गए और दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ। कर्मचारियों को मोबाइल फोन की टॉर्च का सहारा लेकर जरूरी काम करते देखा गया।


प्रीपेड व्यवस्था लागू होने के बाद कार्रवाई तेज

प्रदेश में 1 अगस्त से ब्लॉक स्तर और उससे ऊपर के सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू की गई है। इसके बाद सरकारी कार्यालयों और विभागों से बकाया बिजली बिल की वसूली को लेकर कार्रवाई तेज हुई है।

विद्युत विभाग के अनुसार, बकाया होने की स्थिति में कनेक्शन काटने की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए की जा रही है। इसी व्यवस्था के तहत खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय की बिजली आपूर्ति बंद की गई है।


स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन को फिलहाल राहत

नगर पालिका क्षेत्र में आम लोगों से सीधे जुड़ी आवश्यक सेवाओं को फिलहाल इस कार्रवाई से अलग रखा गया है। स्ट्रीट लाइट और जलापूर्ति से जुड़े बिजली कनेक्शन नहीं काटे गए हैं, ताकि लोगों को जरूरी सुविधाओं में परेशानी न हो।

विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे के मुताबिक, नगर पालिका कार्यालय के बकाया बिल का भुगतान होने के बाद ही बिजली कनेक्शन दोबारा बहाल किया जाएगा।


दूसरे बकायादार सरकारी कार्यालयों पर भी हो सकती है कार्रवाई

खैरागढ़ नगर पालिका के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद अब लंबे समय से बिजली बिल नहीं चुकाने वाले अन्य सरकारी कार्यालय और विभाग भी बिजली कंपनी के निशाने पर आ सकते हैं।

फिलहाल नगर पालिका कार्यालय की बिजली बंद है। अब यह देखना होगा कि नगर पालिका कब बकाया राशि का भुगतान करती है और कार्यालय की बिजली आपूर्ति कब तक बहाल हो पाती है।