महासमुंद। जिले में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पिथौरा थाना क्षेत्र के रामसागर पारा स्थित गौरा-गौरी चौक के पास खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर दबिश देकर सभी को पकड़ लिया।
घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़े नौ जुआरी
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक पांच में पहुंचकर मैदान की घेराबंदी की। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने जुआ खेलते नौ लोगों को पकड़ लिया।
28 हजार रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ हजार रुपये नकद, करीब 20 हजार रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 28 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।





