बालोद। जिले में अवैध शराब की बिक्री और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में विशेष टीम और पुरूर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे किनारे स्थित ढाबों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दो ढाबों से देशी शराब बरामद की गई, जबकि ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 49 वाहन चालकों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस टीम ने एनएच-30 और आसपास के क्षेत्र में स्थित ढाबों पर दबिश दी। जांच का उद्देश्य अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही हाईवे पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अन्य यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करना था।
साहू ढाबा से मिली देशी शराब
पुलिस ने ग्राम पुरूर स्थित साहू ढाबा की जांच की। तलाशी के दौरान यहां बिक्री के लिए रखी गई देशी शराब बरामद हुई। मामले में कुम्हारखान निवासी जगत राम साहू (28) के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
बिटोडा के हाईवे ढाबा पर भी कार्रवाई
इसके बाद पुलिस टीम ग्राम बिटोडा स्थित हाईवे ढाबा पहुंची। यहां भी तलाशी के दौरान अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई देशी शराब मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने शुभम सालुंके (25) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।
49 वाहन चालकों पर केस
ढाबों की जांच के साथ पुलिस ने हाईवे पर वाहनों की चेकिंग भी की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 49 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इनमें पांच वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। उनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध शराब और नशे में ड्राइविंग पर जारी रहेगी सख्ती
पुलिस के अनुसार, एनएच-30 पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर हादसों की वजह बन सकता है। इसी कारण अवैध शराब की बिक्री और ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
अभियान के दौरान दो ढाबा संचालकों पर अवैध शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई की गई, जबकि यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ 49 प्रकरण बनाए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।





