बालोद। जिले में रविवार को कंगलामांझी कॉलेज के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के दौरान एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खेत से मवेशियों को निकाल रही बुजुर्ग महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सामने से आ रही एक कार भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिसमें सवार दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ट्रक चालक के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
आयरन ओर लेकर जा रहा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक CG 05 AG 6422 आयरन ओर लेकर डौंडी की ओर से गीधाली माइंस जा रहा था। कंगलामांझी कॉलेज के पास चालक ने कथित तौर पर ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया।
सड़क किनारे खेत से मवेशियों को बाहर निकाल रही औराटोला निवासी 60 वर्षीय दुलारा बाई भैसारा ट्रक की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कार भी आई चपेट में, दो लोग घायल
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कार क्रमांक CG 24 S 4966 के चालक ने ट्रक को अनियंत्रित देखकर वाहन को किनारे करने की कोशिश की। इसके बावजूद कार ट्रक की चपेट में आ गई।
टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जबकि ट्रक भी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे में कार सवार दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
ट्रक चालक के नशे में होने के आरोप की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ ही ट्रक चालक के कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप की भी जांच कर रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





