बालोद। जिले के बोहराडीह-मुजगहन गांव स्थित 220/132 केवी गुरूर सब-स्टेशन में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही ट्रांसफार्मर से उठता धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद विद्युत उपकेंद्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल बन गया।
गुरूर थाना क्षेत्र का मामला
जानकारी के अनुसार, घटना गुरूर थाना क्षेत्र की है। सब-स्टेशन में लगे 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि इससे पूरे पावर हाउस को नुकसान पहुंचने का खतरा बन गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद गुरूर थाना पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
बिजली व्यवस्था को किया गया सामान्य
आग लगने के बाद 220 केवी लाइन से निकलने वाले सभी 132 केवी फीडरों का लोड सामान्य कर दिया गया। साथ ही कुम्हारी से सब-स्टेशन को सीधे बिजली आपूर्ति किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। विद्युत विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
एक दिन पहले CT में भी आई थी खराबी
बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले बीती रात गुरूर सब-स्टेशन में नंबर-1 CT (करंट ट्रांसफार्मर) भी खराब हो गया था। इसके अगले ही दिन 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना सामने आई। फिलहाल आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





