राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में डोंगरगांव थाना पुलिस ने बाइक से शराब ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 58 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 10.440 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को डोंगरगांव थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सुपर स्प्लेंडर बाइक से कोनारी मेन रोड की ओर अवैध शराब बिक्री के लिए लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
बाइक रोककर की गई तलाशी
चेकिंग के दौरान पुलिस ने ग्रे रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG 08 AX 4399 को रोका। बाइक चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रदीप देवांगन (38) निवासी बाजार चौक के पीछे, ग्राम अर्जुनी, थाना डोंगरगांव बताया।
पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसमें रखे सफेद-नीले रंग के प्लास्टिक थैले से 58 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा 180 एमएल का था। बरामद शराब की कुल मात्रा 10.440 लीटर और कीमत करीब 4,640 रुपये बताई गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब रखने और परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया। बाइक की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पूरे मामले में कुल 44,640 रुपये की जब्ती की गई।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में डोंगरगांव थाने में अपराध क्रमांक 281/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी प्रदीप देवांगन के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उपनिरीक्षक गोवर्धन देशमुख, आरक्षक आशा राम ध्रुव और शाहिद अंसारी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





