दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उमरपोटी स्थित बोगदा पुल के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 12 ग्राम गांजा, नकदी और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को उतई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि उमरपोटी बोगदा पुल के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
थैले से बरामद हुआ गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेंद्र उर्फ राजू गायकवाड़ (38) बताया। वह बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा स्थित भाठापारा वार्ड क्रमांक 13 का रहने वाला है। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली तो उसके पास मौजूद क्रीम रंग के थैले से गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की मात्रा 2 किलो 12 ग्राम मिली।
नकदी और जूपिटर वाहन भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 4,010 रुपये नकद और गांजे के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई टीवीएस जूपिटर (CG 07 CY 0302) को भी जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
उतई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 465/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(B) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी से जुड़ी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।





