दुर्ग-भिलाई। जिला अस्पताल दुर्ग की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल और टेस्ट ट्यूब के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। जांच और जवाब-तलब के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया है।

बताया जा रहा है कि तीनों टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर वीडियो बनाए थे। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती दिखाई दी, जबकि दूसरे वीडियो में कर्मचारी लैब की कुर्सी पर बैठकर रील बनाती नजर आईं। करीब पांच दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया।

लैब प्रभारी से मांगा गया था जवाब

मामला सामने आने पर सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी किया। उनसे पूछा गया कि ड्यूटी के समय लैब के भीतर वीडियो कैसे बनाए गए और उस दौरान कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पालन किया या नहीं। लैब प्रभारी की ओर से मामले की जानकारी HLL लाइफकेयर लिमिटेड को भेजी गई, जिसके बाद संबंधित तीनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जांच व्यवस्था पर असर की भी पड़ताल

अस्पताल प्रबंधन अब यह भी जांच कर रहा है कि रील बनाने के दौरान लैब की नियमित जांच व्यवस्था और मरीजों से जुड़े कामकाज पर कोई प्रभाव पड़ा था या नहीं। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

इस कार्रवाई के बाद अस्पताल और स्वास्थ्य संस्थानों में ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने को लेकर कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।