दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ सोशल मीडिया रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों टेक्नीशियनों की सेवाएं समाप्त कर दीं।

जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर वीडियो बनाए थे। करीब पांच दिन बाद ये रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। वीडियो में एक टेक्नीशियन टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती दिखाई दी, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर शूट किया गया था।


वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई कार्रवाई

मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा।

जांच और विभागीय पत्राचार के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में नजर आ रही तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवाएं समाप्त कर दीं।


मरीजों की जांच व्यवस्था पर असर की भी जांच

स्वास्थ्य विभाग अब यह भी पता लगा रहा है कि जिस समय लैब के अंदर रील बनाई जा रही थी, उस दौरान मरीजों की जांच, सैंपल कलेक्शन या नियमित लैब सेवाओं पर किसी तरह का असर पड़ा था या नहीं।

सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो सामने आने के बाद संबंधित स्तर पर नोटिस जारी किया गया था और कंपनी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था।


निशुल्क जांच की सुविधा देती है अटल आरोग्य लैब

अटल आरोग्य लैब के माध्यम से मरीजों को कई आधुनिक स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में लैब के भीतर सोशल मीडिया वीडियो बनाने के मामले को विभाग ने अनुशासन और कार्यस्थल की गंभीरता से जोड़कर देखा है।


पहले भी विवादों में रही लैब

दुर्ग की अटल आरोग्य लैब इससे पहले HIV जांच रिपोर्ट से जुड़े एक मामले को लेकर भी चर्चा में रही थी। एक युवक की पहली जांच रिपोर्ट HIV पॉजिटिव बताई गई थी, जबकि दोबारा जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जवाब मांगा था।

अब रील बनाने के मामले में तीन टेक्नीशियनों की सेवा समाप्त होने के बाद अटल आरोग्य लैब एक बार फिर सुर्खियों में है।