धमतरी, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के तीन गांवों में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने जुआ खेल रहे 11 लोगों को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 5 हजार 520 रुपये नकद और ताश की पत्तियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर चार जगहों पर छापेमारी
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।
लिमतरा में सात, परेवाडीह और कुरमातराई में चार जुआरी पकड़े गए
पुलिस ने ग्राम लिमतरा के कला मंच के पास संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर छापेमारी कर सात लोगों को पकड़ा। इसके अलावा ग्राम परेवाडीह में बडरा तालाब के सामने मुख्य मार्ग से दो और ग्राम कुरमातराई में रंगमंच शेड के नीचे जुआ खेल रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह चार स्थानों से कुल 11 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।
चार मामलों में 5,520 रुपये नकद बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान लिमतरा के पहले जुआ फड़ से 1,750 रुपये और दूसरे से 1,560 रुपये जब्त किए गए। वहीं परेवाडीह से 950 रुपये और कुरमातराई से 1,260 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने प्रत्येक स्थान से 52 पत्ती ताश की एक-एक गड्डी भी जब्त की है।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के साथ ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास जुआ-सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
युवा छत्तीसगढ़ – आपकी आवाज़, आपकी पहचान।





