दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक बड़े गुप्त डंप का भंडाफोड़ करते हुए सोने का बिस्किट, लाखों रुपये नकद, आधुनिक हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर 12 जुलाई को दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने बारसूर थाना क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान नक्सलियों का छिपाकर रखा गया बड़ा डंप बरामद किया गया।
सोने का बिस्किट, नकदी और घातक हथियार जब्त
सुरक्षाबलों ने मौके से 116 ग्राम वजनी सोने का बिस्किट, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है, के साथ 2 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा इंसास राइफल, एके-47 और एसएलआर की मैग्जीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लांचर, रिवॉल्वर, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर, कुकर, नक्सली वर्दियां, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया।
आत्मसमर्पण नीति का बड़ा असर
पुलिस ने इस कार्रवाई को राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों के सहयोग से नक्सल संगठन की गतिविधियों और नेटवर्क पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस तरह की कार्रवाइयों से नक्सलियों की संगठनात्मक और लॉजिस्टिक क्षमता को बड़ा झटका लगा है।





