गरियाबंद, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है। इसी बीच गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस ने ओडिशा से अवैध रूप से धान लाने के संदेह में तीन पिकअप वाहनों को पकड़ा है। जांच के दौरान वाहनों से कुल 192 कट्टा धान बरामद हुआ। चालक परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद पुलिस ने धान सहित तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात करीब 10 बजे देवभोग पुलिस को ओडिशा से पिकअप वाहनों में धान लाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती ग्राम भरवामुड़ा के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान धान से लदी तीन महिंद्रा पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।

तीन पिकअप में भरा था 192 कट्टा धान

जांच में एक वाहन से 70 कट्टा, दूसरे से 62 कट्टा और तीसरे से 60 कट्टा धान मिला। पुलिस ने चालकों से धान की खरीदी और परिवहन संबंधी कागजात मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी वाहनों और धान को अपने कब्जे में ले लिया।

राजस्व विभाग को भेजी गई रिपोर्ट

पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे थे। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), देवभोग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

धान खरीदी से पहले सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ी निगरानी

प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने वाली है। ऐसे में दूसरे राज्यों से धान के अवैध परिवहन की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी तेज की जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है, ताकि अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सके।