महासमुंद। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरायपाली क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर से 120 किलो 960 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
चावल की 300 बोरियों के बीच छिपा रखा था गांजा
पुलिस को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद सरायपाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर क्रमांक WB 19 L 3059 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में करीब 300 बोरी चावल रखा हुआ था। बारीकी से जांच करने पर चावल की बोरियों के बीच छिपाई गई चार बोरियों से गांजे के 117 पैकेट बरामद हुए।
एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजे के अलावा करीब 30 लाख रुपये कीमत का कंटेनर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मामले में उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी अमनदीप दीप (27) और लल्लू यादव (24) को गिरफ्तार किया गया है।
तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
दोनों आरोपियों के खिलाफ सरायपाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने के साथ ही पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।





