धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। ओडिशा से महाराष्ट्र गांजे की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे पांच तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 130 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दो कारों को भी जब्त किया है।

दो कारों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के रहने वाले पांच आरोपित दो अलग-अलग कारों से गांजे की बड़ी खेप लेकर निकले थे। वे ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र पहुंचने की फिराक में थे। इसी दौरान धमतरी की अर्जुनी थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों की घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया।

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

महाराष्ट्र के रहने वाले हैं सभी आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुंदन उर्फ सचिन ईगेड़े (27), रामेश्वर दांडगे (31), राबिनसंन लारेंस (32), लखन बेलदार (34) और गणेश पाटिल (29) के रूप में हुई है। सभी महाराष्ट्र के बुलढाणा और जलगांव जिलों के निवासी बताए गए हैं।

तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच में जुट गई है। आरोपितों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप किसके पास से खरीदी गई थी और महाराष्ट्र में इसकी आपूर्ति कहां होनी थी।

पुलिस इस मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।