भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से स्क्रैप चोरी कर उसे रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

26 मई को बरामद हुआ था भारी मात्रा में स्क्रैप

मामले की जांच 26 मई 2026 को अकलोरडीही खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप बरामद होने के बाद शुरू हुई थी। पुलिस इस प्रकरण में पहले ही 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच के दौरान चोरी के स्क्रैप की खरीद और उसे खपाने वाले नेटवर्क की भूमिका भी खंगाली जा रही थी।

तकनीकी साक्ष्यों से कंपनी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। जांच के दौरान ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे यह संकेत मिला कि BSP से चोरी किया गया स्क्रैप रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा में खपाया गया था। इसके बाद कंपनी से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू की गई।

18 सितंबर को दोनों अधिकारियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 18 सितंबर 2026 को कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60) और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39) को गिरफ्तार किया।

विनोद कुमार गर्ग रायपुर के वालफोर्ट सिटी, भाठागांव के निवासी बताए गए हैं, जबकि संदीप कुमार सिंह दुर्ग के स्मृति नगर, सुपेला क्षेत्र के रहने वाले हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार

पुरानी भिलाई थाना पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस स्क्रैप चोरी, उसकी सप्लाई, खरीद और पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।