बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान जवानों ने घने जंगलों में छिपाकर रखे नक्सलियों के आठ डंप का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। कार्रवाई में 21 आईईडी, हथियार और विस्फोटक बनाने में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है।

सीआरपीएफ के कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन तथा द्वितीय कमान अधिकारी कुमार नीरज की निगरानी में बी कंपनी, एफ कंपनी और यंग प्लाटून की संयुक्त टीम ने कंपनी कमांडर राजीव कुमार और निरीक्षक के.बी. पांडा के नेतृत्व में पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा एवं मदुमपारा गांवों के घने जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी ली, जिसमें नक्सलियों के आठ गुप्त डंप बरामद किए गए।

बरामद सामग्री में सीजीएल रायफल, 8 एमएम रायफल, 12 बोर रायफल, 21 आईईडी, कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर, एयरगन राउंड, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, नक्सली वर्दी एवं अन्य उपयोगी सामान शामिल हैं। कुल मिलाकर 58 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है, जिनका इस्तेमाल नक्सली सुरक्षाबलों पर हमले की साजिश में करने वाले थे।

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार एड्री, हर्रा और मदुमपारा (पीडिया) सहित आसपास का इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।