जगदलपुर। शहर के बोधघाट थाना क्षेत्र स्थित गंगानगर वार्ड में आपसी रंजिश के चलते देर रात कुछ बदमाशों ने चाकू और तलवार लहराते हुए जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने कई घरों में तोड़फोड़ कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
आपसी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के मुताबिक, गंगानगर वार्ड में कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवक चाकू और तलवार जैसे धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने लोगों के साथ मारपीट की और कई मकानों में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। लोग सुरक्षा के डर से अपने-अपने घरों में सिमट गए।
वायरल वीडियो से खुली पोल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम तोड़फोड़ करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इलाके में असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।





