बेमेतरा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में गठित स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों की टीम बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, मुसाफिरों और अस्थायी रूप से रहने वालों की पहचान तथा दस्तावेजों की जांच कर रही है।


आधार समेत अन्य दस्तावेजों की जांच

अभियान के तहत घुमंतु लोगों, डेरा लगाकर रहने वालों, होटल, ढाबा और लॉज में ठहरने वाले यात्रियों के दस्तावेज जांचे जा रहे हैं। पुलिस टीम आधार कार्ड समेत अन्य पहचान पत्रों का सत्यापन कर रही है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में किराये के मकानों में रहने वालों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसमें नाम, माता-पिता का नाम, परिवार के सदस्यों की जानकारी, वर्तमान और स्थायी पता, आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी विवरण दर्ज किए जा रहे हैं।


समाधान ऐप में दर्ज हो रहा किरायेदारों का रिकॉर्ड

पुलिस ने मकान मालिकों और होटल-लॉज संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और यात्रियों की जानकारी समाधान ऐप में अनिवार्य रूप से दर्ज करें।

पुलिस टीम ऐप में अपलोड की गई जानकारी का भी सत्यापन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि किरायेदारों और यात्रियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड किसी आपराधिक गतिविधि की जांच में मददगार साबित हो सकता है।


STF को दी गई विशेष जिम्मेदारी

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिले में अनाधिकृत रूप से रह रहे और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए STF का गठन किया है। इस टीम को बाहरी लोगों की जांच, पहचान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।

अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।


होटल, लॉज और गांवों तक पहुंच रही पुलिस

पुलिस की टीम होटल, ढाबा, लॉज और अन्य अस्थायी ठिकानों पर पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

इसके साथ ही गांवों में सरपंच, कोटवार और वार्ड पार्षदों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति किसी गांव या इलाके में लंबे समय से ठहरा हुआ दिखाई दे या उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगें तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी जाए।


मकान मालिकों से किरायेदार सत्यापन की अपील

बेमेतरा पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि किसी बाहरी व्यक्ति को मकान किराये पर देने से पहले संबंधित थाने में उसकी जानकारी दर्ज कराएं और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराएं।

पुलिस के अनुसार, किरायेदार सत्यापन जिले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है और इससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने में मदद मिलती है।


संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो पुलिस को दें सूचना

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अभियान में सहयोग की अपील की है। किसी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।

इसके लिए बेमेतरा पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 18002331905 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।