रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के तहत सोमवार को नवा रायपुर में भारतीय वायुसेना की ओर से भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा। सेंध तालाब के ऊपर सुबह 11 बजे से सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेंगी।
इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। सूर्य किरण टीम अपने लड़ाकू विमानों के जरिए आसमान में आकर्षक आकृतियां और शानदार कलाबाजियां दिखाएगी। वहीं, सारंग टीम हेलीकॉप्टरों के साथ सामूहिक उड़ान और बेहतरीन हवाई प्रदर्शन करेगी।
दर्शकों की सुविधा के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा
कार्यक्रम में भीड़ को देखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। अलग-अलग शहरों और जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए प्रवेश मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा लगाए जाएंगे। कुछ स्थानों से दर्शकों को पैदल भी पहुंचना होगा।
कहां होगी वाहनों की पार्किंग?
- रायपुर शहर से आने वालों के लिए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन।
- दुर्ग-भिलाई से आने वाले वाहनों के लिए अविनाश उपवन।
- धमतरी और अभनपुर से आने वालों के लिए सेक्टर-4।
- बिलासपुर और बलौदाबाजार से आने वालों के लिए नवागांव स्टेडियम के आसपास।
- महासमुंद और आरंग से आने वालों के लिए परसदा स्थित कोसा मैदान।
- पासधारी वाहनों के लिए सेक्टर-1 में रेलवे स्टेशन के पास पार्किंग।
पुलिस ने की नियमों के पालन की अपील
पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करने और वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
राज्योत्सव के मौके पर होने वाला यह एयर शो छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा। इसमें वायुसेना के जांबाज पायलटों के कौशल और हवाई प्रदर्शन को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।





