डोंगरगढ़। शहर में अवैध शराब बिक्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति के घर शराब लेने पहुंचते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिया के पास छिपाकर रखी थी शराब

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि रवि शेंडे बधियाटोला-छिरपानी रोड स्थित पुलिया के पास अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए शराब छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया।

6.850 बल्क लीटर शराब बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सिम्बा कंपनी की 5 बीयर और गोवा स्पेशल व्हिस्की की 20 बोतलें जब्त की हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 6.850 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,450 रुपये है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, रवि शेंडे के खिलाफ आबकारी अधिनियम से जुड़े 10 पुराने प्रकरण भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।