भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में मकान बेचने के नाम पर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान मालिक ने 55 लाख रुपये में सौदा तय कर खरीदारों से 50 लाख रुपये एडवांस ले लिए। इसके लिए नोटरी के माध्यम से विक्रय इकरारनामा भी कराया गया, लेकिन रजिस्ट्री से पहले उसी मकान को कथित तौर पर दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया। शिकायत और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर सुपेला पुलिस ने आरोपी इन्द्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

9 चेक के जरिए दिए 50 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, मामला सुपेला क्षेत्र के जवाहर नगर का है। सुंदर लाल पटेल और उनके साथियों ने इन्द्रजीत सिंह से मकान खरीदने के लिए सौदा किया था। दोनों पक्षों के बीच मकान की कीमत 55 लाख रुपये तय हुई थी।

सौदे के तहत खरीदारों ने नौ अलग-अलग चेक के माध्यम से आरोपी को कुल 50 लाख रुपये एडवांस दिए। मकान की बिक्री को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोटरी के जरिए इकरारनामा भी कराया गया था। इसके बाद मकान की रजिस्ट्री खरीदारों के नाम की जानी थी।

मूल दस्तावेज गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराने का आरोप

आरोप है कि एडवांस की रकम मिलने के बाद इन्द्रजीत सिंह ने मकान की रजिस्ट्री खरीदारों के नाम नहीं कराई। इसके बजाय मकान के मूल दस्तावेज गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और बाद में उसी संपत्ति को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मकान का सौदा पहले 55 लाख रुपये में किया गया था और जिसके एवज में 50 लाख रुपये एडवांस लिए जा चुके थे, उसे बाद में 44 लाख रुपये से अधिक की रकम में तीसरे व्यक्ति को बेच दिया गया।

कील-बोल्ट फैक्ट्री में रकम निवेश करने की बात आई सामने

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी ने पीड़ितों से प्राप्त रकम को हथखोज स्थित अपनी कील-बोल्ट फैक्ट्री में निवेश किया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले से जुड़े विक्रय इकरारनामे, चेक के जरिए किए गए भुगतान और अन्य दस्तावेजों की जांच की।

दस्तावेजी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इन्द्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

BNS की धारा 318(4) के तहत मामला

सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।