राजनांदगांव। जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।


जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।


वहीं, स्कॉर्पियो में चार लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


इस हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।