दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में हमर क्लिनिक की एक स्टाफ नर्स ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 32 वर्षीय नेहा महिलांग के रूप में हुई है। घटना घासीदास नगर वार्ड-23 क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, नेहा पिछले करीब पांच वर्षों से हमर क्लिनिक में कार्यरत थीं। उनकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वह अपने पति के साथ रह रही थीं।
पति ने फंदे पर देखा शव
बताया जा रहा है कि रविवार को नेहा के पति जब कमरे में पहुंचे तो उन्होंने उन्हें फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को फंदे से उतारकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की जानकारी है। ऐसे में नर्स ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस मृतका के पति और उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन और कॉल डिटेल समेत अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
हर पहलू से मामले की जांच
पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। व्यक्तिगत, पारिवारिक और कार्यस्थल से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल किसी कारण को लेकर पुलिस की ओर से अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।





