दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग चार स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चार धारदार लोहे के हथियार बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को सुपेला क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में युवकों के हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने की सूचना मिली थी। इसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमें मौके पर भेजी गईं और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया।

भिलाई नगर रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित गोठान के पास पुलिस ने नवीन निषाद (23) निवासी मराठी मोहल्ला, कोसानगर को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर उसने हथियार झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।

दूसरी कार्रवाई न्यू कृष्णा नगर में चन्द्राकर दुकान के पास की गई। यहां से गोलू जांगड़े (32) निवासी न्यू कृष्णा नगर को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया।

लक्ष्मी मार्केट स्थित चिकन दुकान के पास पुलिस ने राजकुमार देशलहरे (19) निवासी श्याम चौक, न्यू कृष्णा नगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी धारदार लोहे का हथियार जब्त किया गया।

वहीं, संजय नगर दशहरा मैदान क्षेत्र से भोजराज रात्रे (25) निवासी न्यू कृष्णा नगर, श्याम चौक को हथियार लेकर लोगों को डराते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने चारों मामलों में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1281/2026 से 1284/2026 तक अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को हथियार के साथ भय फैलाते या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल देखते ही तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।