भाटापारा। जिले में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को भाटापारा में बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही करीब 92 किलो चमचम मिठाई जब्त कर नष्ट करा दी गई।

गंदगी और मक्खियों के बीच तैयार हो रही थी मिठाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, टीम ने गुरु नानक वार्ड, भाटापारा में संचालित मिठाई निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। यहां नीरज कुमार, मूल निवासी रोशंगपुर, जिला औरैया, उत्तर प्रदेश द्वारा खुले स्थान में चमचम मिठाई तैयार की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली और आसपास मक्खियां भी भिनभिना रही थीं।

टीम ने संचालक से खाद्य लाइसेंस और पंजीयन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच के लिए भेजे गए चमचम के नमूने

अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई बनाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से चमचम के नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, लोगों के स्वास्थ्य पर संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर रखी करीब 92 किलो चमचम मिठाई जब्त कर ली गई। इसके बाद मिठाई को नष्ट करने के लिए नगर निकाय की गाड़ी के सुपुर्द किया गया।

आगामी आदेश तक निर्माण कार्य बंद

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मिठाई निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। संचालक को लिखित निर्देश दिए गए हैं कि आगामी आदेश तक यहां किसी भी प्रकार का खाद्य निर्माण या व्यावसायिक गतिविधि नहीं की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के साथ सामान्य दिनों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच जारी रहेगी। मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।