दुर्ग। जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहननगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर धारदार हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा है। इनमें तीन बालिग आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। इनके कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को मोहननगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अड्डेबाजी करने वालों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से धारदार हथियार मिले।
तीन युवकों के साथ दो नाबालिग भी पकड़े गए
पुलिस कार्रवाई में जितेंद्र मरकाम (24) निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा, शैलेश देशमुख (22) निवासी गया नगर और जय देशमुख (21) निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा को पकड़ा गया। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस ने पांचों के कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। नाबालिगों के मामले में किशोर न्याय से जुड़े प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों और संदिग्ध लोगों पर बढ़ाई निगरानी
दुर्ग पुलिस का कहना है कि अपराध होने से पहले ही उस पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच लगातार की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों के साथ हथियार लेकर घूमने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति को हथियार लेकर घूमते या किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल देखते हैं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





