दुर्ग। जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मंगलवार को पूर्व पटवारी और पटवारी संघ के पूर्व अध्यक्ष कमलेश राजपूत के घर दबिश दी। ईडी के अधिकारी दो गाड़ियों में सिकोला फाटक स्थित बंगाली कॉलोनी पहुंचे, जहां जांच की कार्रवाई शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, कमलेश राजपूत पूर्व में पटवारी संघ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनकी दोनों बेटियां भी पटवारी के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं। ईडी की अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल बढ़ गई।
सूत्रों के मुताबिक, मामला राजस्व से जुड़े प्रकरणों से संबंधित बताया जा रहा है। ईडी की टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि, कार्रवाई किस विशेष मामले में की जा रही है, इसे लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी बताई जा रही है। जांच पूरी होने और एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी किन तथ्यों और मामलों को लेकर की गई है।





