भिलाई। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए बताए जा रहे केके चंद्राकर के भिलाई स्थित आवास पर दबिश दी। टीम सुबह करीब 6 बजे उनके घर पहुंची और दस्तावेजों समेत अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ईडी की दो से तीन गाड़ियां केके चंद्राकर के आवास पर पहुंचीं। सभी वाहन रायपुर पासिंग के बताए जा रहे हैं। टीम में करीब पांच से छह अधिकारियों के शामिल होने की सूचना है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए घर के बाहर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
दस्तावेजों की जांच में जुटी ED टीम
बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। सुबह-सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम के पहुंचने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई।
फिलहाल ईडी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि केके चंद्राकर के आवास पर यह कार्रवाई किस मामले के सिलसिले में की जा रही है। कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।





