दुर्ग। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज ऑनलाइन सट्टे के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में पुलिस इससे पहले 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच पर लगाया जा रहा था सट्टा
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि तकियापारा स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। मैच में रुपये-पैसों का दांव लगाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सोहेल अहमद खान और संतोष कुमार गोंड़ को पकड़ा था। दोनों से पूछताछ के बाद ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी सामने आई थी।
लैपटॉप, मोबाइल और नकदी समेत 2.70 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने छापेमारी के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने में इस्तेमाल किए जा रहे एक लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन और एक डीवीआर जब्त किया था। इसके अलावा मौके से पांच हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 70 हजार 500 रुपये आंकी गई थी।
पूछताछ के बाद खुलती गई सट्टा नेटवर्क की परतें
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद ऑनलाइन सट्टे में कथित रूप से शामिल सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेंद्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी, संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव और जुनैद रज्जा समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे।
फरार उमेश भगत उर्फ अंकल भी गिरफ्तार
मामले में उमेश भगत उर्फ अंकल फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4, 6 और 7 तथा बीएनएस की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





