दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार की कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि महापौर के वाहन से उतरने के कुछ ही देर बाद कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
कार से आग की तेज लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
समय रहते कार से उतरीं महापौर
राहत की बात यह रही कि महापौर अलका बाघमार आग लगने से पहले ही कार से उतर चुकी थीं। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल कार में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।





