खैरागढ़। जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम दपका की सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। दपका समेत आसपास के तीन से चार गांवों के लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सबसे अधिक परेशानी उन छात्र-छात्राओं को हो रही है, जो साइकिल से खैरागढ़ स्कूल जाते हैं।
गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे बच्चे
ग्रामीणों के मुताबिक खराब सड़क के कारण कई बार स्कूली बच्चे गड्ढों में गिरकर घायल हो जाते हैं। बारिश और कीचड़ के कारण कपड़े खराब होने पर कुछ बच्चों को स्कूल पहुंचने से पहले ही वापस घर लौटना पड़ता है। क्षेत्र में क्रेशर होने के कारण भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को भी सड़क की बदहाल स्थिति की एक वजह बताया जा रहा है।
विधायक ने प्रशासन को दी चेतावनी
खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले ही सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठेंगी।
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आसपास के गांवों के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।





