धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिलेभर में चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 48 जुआरियों को पकड़ा है। इस दौरान 3 लाख 29 हजार 320 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं।
कई थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश
पुलिस ने 8 से 10 नवंबर तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पहले दिन भखारा, सिहावा, कोतवाली और अर्जुनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से 9 हजार 400 रुपये बरामद हुए।
वहीं, दूसरे दिन चरोद, उमरगांव, देवरी बाजार चौक, भेलवाकूद्रा और बिरगुड़ी सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 21 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया और 10 हजार 570 रुपये नकद जब्त किए गए।
सोरिद नगर में पुलिस की बड़ी छापेमारी
अभियान के तीसरे दिन 10 नवंबर को पुलिस ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सोरिद नगर स्थित डीपो पारा रोड पर जुए के फड़ को घेर लिया। यहां सात जुआरियों को पकड़ा गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 3 लाख 9 हजार 350 रुपये नकद बरामद किए। तीन दिनों के अभियान में यह सबसे बड़ी नकद जब्ती रही।
48 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए सभी 48 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी।





