बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े ज्वेलरी कारोबारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दीपक ज्वेलरी के संचालक बलराम सोनी गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। जब वे तरेंगा-रोहरा हाई स्कूल के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनके पास मौजूद सोना-चांदी से भरा बैग छीन लिया और दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस, साइबर सेल और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
फिलहाल लूटे गए सोना-चांदी की कुल कीमत का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस व्यापारी से पूछताछ कर बैग में रखे आभूषणों और अन्य सामान का विवरण जुटा रही है, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
वारदात भाटापारा-लिमतरा मुख्य मार्ग पर होने के कारण क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद सराफा कारोबारियों ने भी पुलिस से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सुनियोजित लूट मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





