खैरागढ़। क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने खैरागढ़ में कलेक्ट्रेट का घेराव किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण राजपूत भवन से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी और किसानों की समस्याओं को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

खराब सड़कों और पुल-पुलिया का मुद्दा उठाया

विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में सड़क और पुल-पुलिया से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों को पहले भी विधानसभा और अन्य मंचों पर उठाया गया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

मूड़ीपार कॉलेज और ठेकाडीह में नए भवन की मांग

प्रदर्शन के दौरान शिक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। कांग्रेस ने मूड़ीपार कॉलेज के संचालन और ठेकाडीह में स्कूल-कॉलेज के लिए नए भवन निर्माण की मांग रखी। विधायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी इन जरूरतों पर जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।

खाद, बिजली, मुआवजा और बीमा को लेकर किसानों की मांग

कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को भी प्रदर्शन का अहम मुद्दा बनाया। खाद और बिजली की बढ़ती लागत, मुआवजा और बीमा राशि से जुड़े मामलों तथा सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें प्रशासन के सामने रखी गईं। विधायक के मुताबिक इन समस्याओं का सीधा असर खेती और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।

डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद विधायक हर्षिता बघेल और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि राज्य शासन से संबंधित विषयों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा।

प्रदर्शन से मुख्य मार्ग पर लगा जाम

राजपूत भवन से शुरू हुई रैली कलेक्ट्रेट तक पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा।