खैरागढ़। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आयोजित अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। छुईखदान थाना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जालबांधा को पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। जालबांधा की टीम उपविजेता रही।

सभी थाना क्षेत्रों की टीमों ने लिया हिस्सा

जिला पुलिस बल की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच आपसी समन्वय, टीम भावना और एकता को मजबूत करना था।

अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

कार्यक्रम में राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, केसीजी कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता व उपविजेता टीम को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली अन्य टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए गए।

एकता और अखंडता का दिया संदेश

अधिकारियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए प्रेरणा देता है। खेल प्रतियोगिताओं के जरिए अनुशासन, भाईचारा और टीम वर्क की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति भी किया जागरूक

प्रतियोगिता के दौरान जिला पुलिस ने मौजूद लोगों को साइबर अपराध से बचाव और नशा मुक्ति को लेकर भी जागरूक किया। लोगों से संदिग्ध लिंक, ओटीपी और डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से सतर्क रहने की अपील की गई। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई। इसके साथ युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया गया।

कबड्डी प्रतियोगिता के जरिए पुलिस विभाग ने खेल भावना के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद का संदेश भी दिया।