रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर तड़के हुआ हादसा, अंबिकापुर से रायपुर आ रही बस के उड़े परखच्चे; गैस कटर की मदद से बाहर निकाले गए यात्री

बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। भीषण टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 10 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बस के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

अंबिकापुर से रायपुर आ रही थी बस

जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर की ओर जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक बस अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के समय बस में लगभग 22 यात्री सवार थे।

बताया जा रहा है कि ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बस के सामने का हिस्सा ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री अपनी सीटों पर ही फंस गए।

गैस कटर से काटना पड़ा बस का क्षतिग्रस्त हिस्सा

हादसे की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, डायल 112 और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह दब जाने के कारण यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने गैस कटर की सहायता से क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।

घायल यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाया गया था। इसके बावजूद बस की उससे टक्कर हो गई। दुर्घटना के पीछे चालक को झपकी आना, तेज रफ्तार या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

तीन परिवारों में पसरा मातम

इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत की खबर से उनके परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को लेकर भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है। हादसे में घायल यात्रियों की स्थिति और मृतकों की पहचान को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।