नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव का भव्य आयोजन। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे उद्घाटन, अमित शाह समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि। वायुसेना के सारंग हेलिकॉप्टरों का एयर शो और लोककलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र।
रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। एक से तीन नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य, संगीत और कला की झलक देखने को मिलेगी। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक-गायिकाओं की प्रस्तुतियों के साथ भारतीय वायुसेना का रोमांचक एयर शो भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उद्घाटन में मनसुख मांडविया, समापन में अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
राज्योत्सव का उद्घाटन एक नवंबर को शाम छह बजे केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
दूसरे दिन दो नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। तीन नवंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा।
पहले दिन पलक मुच्छल की संगीतमय प्रस्तुति
राज्योत्सव के पहले दिन शाम पांच बजे से लोकसंगीत की प्रस्तुतियां शुरू होंगी। इसके बाद रायपुर के कलाकार अनुराग शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। शाम 6:30 बजे उद्घाटन समारोह होगा, जबकि रात आठ बजे बॉलीवुड पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
दूसरे दिन 'मैं अयोध्या हूं' का मंचन
दो नवंबर को शाम छह बजे से 'मैं अयोध्या हूं' नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी अपनी प्रस्तुति देंगे। रात आठ बजे से पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल के गीतों से राज्योत्सव का मंच सजेगा।
अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों से होगा समापन
तीन नवंबर को शाम छह बजे से लोकसंगीत की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद पद्मश्री पंथी कलाकार उषा बारले अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। शाम सात बजे से राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
रात नौ बजे से बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुति के साथ महोत्सव का समापन होगा।
आसमान में दिखेगा सारंग हेलिकॉप्टरों का रोमांच
राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में भारतीय वायुसेना का एयर शो भी शामिल है। सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम पांच हेलिकॉप्टरों के साथ करीब 10 तरह के फॉर्मेशन और हवाई करतब प्रस्तुत करेगी।
इसके अलावा आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम अपने कौशल का प्रदर्शन करेगी। एमआई-17 हेलिकॉप्टर से जवानों के रस्सी के सहारे उतरने का विशेष प्रदर्शन भी प्रस्तावित है।
शिल्पग्राम में 30 लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
राज्योत्सव के दौरान शिल्पग्राम मंच पर प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। तीन दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकार करीब 30 प्रस्तुतियां देंगे।
इनमें पंडवानी, पंथी, सुआ नृत्य, लोकगीत, लोकनाट्य, कथक, ओडिसी, सूफी संगीत और आदिवासी लोककला सहित कई विधाएं शामिल रहेंगी।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में लोकसंस्कृति, बॉलीवुड संगीत और वायुसेना के रोमांचक प्रदर्शन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। तीन दिवसीय आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और कलाकारों को व्यापक मंच प्रदान करेगा।





