बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। गिधौरी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय आदित्य टंडन की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी किशन साहू को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बहन से मेलजोल और रंग-रूप को लेकर की जाने वाली कथित टिप्पणियों से आरोपी नाराज था।

नाले में शव मिलने से फैली सनसनी

जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित नाले में आदित्य टंडन का शव बरामद हुआ था। युवक के सिर और माथे पर चोट के गंभीर निशान मिले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में मृतक के साथ किशन साहू दिखाई दिया। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

अपमान का बदला लेने के लिए किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी बहन से आदित्य की दोस्ती को लेकर नाराज था। इसके अलावा आदित्य द्वारा उसे कथित तौर पर 'काला' कहकर चिढ़ाने की बात भी सामने आई है। इसी रंजिश में आरोपी ने लोहे के फावड़े से आदित्य के सिर और माथे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को नाले में फेंक दिया।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने 19 वर्षीय किशन साहू को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या की संबंधित धारा में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।