बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से गिधौरी जा रही यात्रियों से भरी रॉयल ट्रेवल्स की बस ग्राम सकरी के पास एक ट्रक से आमने-सामने टकरा गई। हादसे में 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, 112 की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में चिकित्सकों की टीम पहले से अलर्ट थी और घायलों का तुरंत उपचार शुरू किया गया।

अधिकांश यात्रियों के सिर में आई चोट

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अधिकांश यात्रियों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की जान को तत्काल खतरा नहीं बताया गया है। गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

राजस्व मंत्री ने लिया घायलों का हाल

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से फोन पर बात कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

चार मरीज अस्पताल में भर्ती, बाकी को मिली छुट्टी

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में कुल 19 यात्री घायल हुए थे। इनमें चार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

दुर्घटना की जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली में पदस्थ एएसआई सुनील खुंटे ने बताया कि ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास बस और ट्रक की टक्कर हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सकरी के पास सड़क दुर्घटनाएं लगातार होती रहती हैं। कई बार हादसे होने के बावजूद अब तक प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।