दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में संचालित एक गुटखा फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। टीम अब फैक्ट्री और उससे जुड़े कारोबार में टैक्स नियमों के पालन की जांच कर रही है।


10 से 12 अधिकारियों की टीम पहुंची थी मौके पर

जानकारी के अनुसार, सेंट्रल GST इंटेलिजेंस को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार को करीब 10 से 12 सदस्यों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और फैक्ट्री तथा गोदाम की जांच शुरू की।

सितार कंपनी का गुटखा बनने की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जिस फैक्ट्री में छापेमारी की गई, वहां सितार कंपनी का गुटखा तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने फैक्ट्री में मौजूद मशीनों, तैयार माल और अन्य सामग्री की जांच की।


दो मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही दो मशीनों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही मौके से करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत और टैक्स से जुड़ी जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।


दस्तावेज और स्टॉक भी खंगाल रही टीम

सेंट्रल GST की टीम ने गोदाम में रखे दस्तावेजों और अन्य सामग्री की भी जांच की। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि गुटखा निर्माण और बिक्री से जुड़े कारोबार में GST और अन्य टैक्स नियमों का पालन किया गया था या नहीं। इसके लिए स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।


सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा गोदाम

रिपोर्ट के अनुसार, जिस गोदाम में छापेमारी की गई, उसका मालिक सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। टीम गोदाम से मिले दस्तावेजों और सामग्री की जांच कर रही है। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


जब्त सामान लेकर रायपुर रवाना हुई टीम

छापेमारी पूरी होने के बाद सेंट्रल GST की टीम जब्त की गई दोनों मशीनों और गुटखे के बोरों को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री, स्टॉक और दस्तावेजों का विस्तृत मिलान किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।