कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। चिल्फी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक में विशेष गुप्त चेंबर बना रखा था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।
वाहन जांच के दौरान पुलिस को हुआ शक
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को चिल्फी थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया गया गुप्त चेंबर नजर आया। इसे खोलने पर बड़ी संख्या में खाकी टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें गांजा पाया गया।
पंजाब का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में ट्रक चालक बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के अमृतसर का रहने वाला बताया गया है। कार्रवाई के दौरान गांजे के अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और पांच हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी ANTF
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एएनटीएफ की टीम गांजा कहां से लाया गया था और इसकी खेप कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी भी जांच कर रही है। साथ ही इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।





