राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चिचोला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू की संदिग्ध मौत सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या निकली। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची और हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि घटना हादसा लगे।

पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


NH-53 किनारे गड्ढे में मिला था शव

घटना चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र की है। 10 अगस्त की रात महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास NH-53 के किनारे एक गड्ढे में प्रेमलाल साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।

मृतक के चेहरे, नाक और माथे पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। घटनास्थल के पास पुलिस को खून से सना एक भारी पत्थर भी मिला था।

मृतक के भाई ओमप्रकाश की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद अलग-अलग पहलुओं से पड़ताल की गई।


जांच में सामने आया हत्या का राज

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिनसे प्रेमलाल की मौत हादसा नहीं होने का संदेह गहराया। इसके बाद पुलिस ने परिवार और मृतक से जुड़े लोगों से पूछताछ की।

एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के मुताबिक जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू का गांव के एक युवक से कथित प्रेम संबंध था।


पति को रास्ते से हटाने के लिए रची साजिश

पुलिस का आरोप है कि गंगोत्री और उसके कथित प्रेमी ने प्रेमलाल को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

आरोप है कि दोनों ने प्रेमलाल पर भारी पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को NH-53 के किनारे फेंक दिया गया, ताकि पहली नजर में उसकी मौत सड़क हादसे में हुई प्रतीत हो।


पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है और हत्या की पूरी परिस्थितियों की पड़ताल जारी है।