बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल पति को कथित तौर पर कुएं में फेंक दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला बीजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-07 शांतिनगर निवासी दिलीप कड़ियम और उनकी पत्नी रिंकी कुड़ियम नगर पालिका बीजापुर में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और अनबन चल रही थी।
साथियों के साथ मिलकर किया हमला
प्रारंभिक जांच के अनुसार, 5 जुलाई को रिंकी कुड़ियम ने कथित रूप से कुछ युवकों के साथ मिलकर दिलीप कड़ियम पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे घर के पास स्थित एक कुएं में धक्का दे दिया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिजनों ने घायल दिलीप को जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज), जगदलपुर रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी रिंकी कुड़ियम को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





