दुर्ग। भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में एक मकान के भीतर चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापेमारी कर 12 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां जब्त की हैं। कार्रवाई वार्ड क्रमांक 34 कैंप क्षेत्र में की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसीसीयू ने दी दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 34 कैंप स्थित एक मकान में अवैध रूप से जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर जुआ खेल रहे 12 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नकदी, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही ताश की पत्तियां बरामद हुईं।
5 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने 3.16 लाख रुपये नकद और करीब 2 लाख रुपये मूल्य के 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस तरह नकदी और मोबाइल मिलाकर जब्त सामान की कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा ताश की पत्तियां और जुए से संबंधित अन्य सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
इन 12 लोगों को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस कार्रवाई में महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी. शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत छावनी थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





