राजनांदगांव। शहर के गुड़ाखू लाइन चौक पर शराब पीने के लिए 200 रुपये नहीं देने पर ऑटो चालक से मारपीट का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय बांसफोड़ (25) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्टीलनुमा रॉड भी जब्त की है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ऑटो चालक ने 23 अगस्त को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह दोपहर करीब तीन बजे गुड़ाखू लाइन चौक पर ऑटो खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बीएनसी मिल चाल, बलदेवबाग निवासी संजय बांसफोड़ वहां पहुंचा।
शराब पीने के लिए मांगे 200 रुपये
आरोप है कि संजय ने ऑटो चालक से शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगे। चालक ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने ऑटो चालक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 460/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2) और 119(1) के तहत मामला दर्ज किया।
तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक केपी मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश और पतासाजी के बाद पुलिस ने संजय बांसफोड़ को हिरासत में लिया।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को 24 अगस्त को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्टीलनुमा रॉड भी बरामद की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार संजय बांसफोड़ का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, चोरी, जुआ, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। वर्ष 2017 से 2021 के बीच उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, सहायक उप निरीक्षक इसराफिल खान और थाना स्टाफ की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शराब के लिए रुपये मांगकर लोगों से विवाद, मारपीट और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





